मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दावे-आपत्ति चरण को लेकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका जताई है। पार्टी ने प्रदेश भर के सभी पदाधिकारियों को सतर्क रहने और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश जारी किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा SIR प्रक्रिया का उपयोग मतदाता सूची में गड़बड़ी करके वोट चोरी करने के लिए कर सकती है, इसलिए पार्टी हर स्तर पर निगरानी बनाए रखेगी।
पार्टी ने अपने पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 19 जनवरी से 22 जनवरी तक रोजाना दावे-आपत्ति और फॉर्म भरने की जानकारी जुटाई जाए।
- कोई गलत नाम मतदाता सूची में न जोड़ा जाए।
- किसी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए।
- केवल निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक फॉर्म-7 को ही मान्य माना जाए।
- अनधिकृत या बाहर छपे फॉर्म-7 का इस्तेमाल दिखे तो तुरंत आपत्ति दर्ज कराई जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील कर रही है कि वे बूथ स्तर पर निगरानी रखें, प्रभावित मतदाताओं की मदद करें और किसी भी अनियमितता की जानकारी तत्काल उच्च स्तर पर दें। यह निर्देश ऐसे समय में आए हैं जब SIR प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में लाखों नाम कटने से राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र पर हमला मान रही है, जबकि चुनाव आयोग इसे पारदर्शी प्रक्रिया बता रहा है।
Comments (0)