भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए पार्टी मुख्यालय में आज नामांकन दाखिल करने वाले हैं।नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत भाजपा हेडक्वार्टर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई। इन सभी नेताओं ने चुनाव अधिकारी के समक्ष नितिन नबीन के समर्थन में प्रस्ताव पत्र जमा कर दिए हैं।
नामांकन पत्रों की जांच
शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित है। यदि केवल एक ही नामांकन पत्र वैध पाया गया, तो चुनाव अधिकारी नितिन नबीन को निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष घोषित कर देंगे। वहीं, किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में उतरने की स्थिति में 20 तारीख को मतदान कराया जाएगा।
इस मौके पर पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
Comments (0)