समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान किया है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को लेकर प्रतीक यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द से जल्द इस रिश्ते को खत्म करेंगे, क्योंकि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाया है।
प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा
मैं इस मतलबी महिला को जल्द से जल्द तलाक देने जा रहा हूं। इसने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए हैं। इसे सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना है। मेरी मानसिक स्थिति बेहद खराब है, लेकिन उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। वह सिर्फ अपने बारे में सोचती है। मैंने इतनी बुरी महिला कभी नहीं देखी और दुर्भाग्य से मेरी शादी उससे हुई।
कौन हैं अपर्णा यादव
अपर्णा यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं। उनके पिता अरविंद सिंह पत्रकार रह चुके हैं, जबकि उनकी मां लखनऊ नगर निगम में अधिकारी के पद पर कार्यरत रही हैं।अपर्णा यादव ने साल 2017 में लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद जनवरी 2022 में उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली थी। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।जब अपर्णा यादव ने अचानक भाजपा की सदस्यता ली थी, तब उन्हें यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी में शामिल कराया था। उनका यह फैसला अखिलेश यादव के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना गया था। भाजपा में शामिल होते समय अपर्णा यादव ने कहा था कि वह पारिवारिक राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रवाद को चुनती हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित हैं।
कौन हैं प्रतीक यादव
प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे हैं। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं और अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते हैं और रियल एस्टेट व फिटनेस से जुड़ा व्यवसाय करते हैं। उन्हें बॉडी बिल्डिंग का भी शौक है।
कब हुई थी अपर्णा और प्रतीक की शादी
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव ने करीब 11 साल तक एक-दूसरे को डेट किया था। इसके बाद वर्ष 2011 में दोनों की लव मैरिज हुई थी, जो परिवार की सहमति से संपन्न हुई। यह शादी काफी हाई-प्रोफाइल रही थी, जिसमें अनिल अंबानी, अमिताभ बच्चन और जया बच्चन जैसी कई नामचीन हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की पहली मुलाकात साल 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी।
Comments (0)