रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई अनाज मंडी में दीपावली त्योहार की देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंडी की तीन दुकानों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। शुरुआती तौर पर इस घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दीपक ट्रेडर्स समेत तीन दुकानों को आग ने लिया चपेट में
जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर की देर रात माना थाना क्षेत्र स्थित डुमरतराई अनाज मंडी की तीन दुकानों में आग लगी। इनमें दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी शामिल हैं। तीनों दुकानें मंडी के B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। दुकानों में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का सामान रखा हुआ था, जिसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई।
दुकानों के अंदर से सुनाई दिए कई धमाके
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान दुकानों के भीतर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
दमकल, SDRF और निजी प्लांट की 10 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया। टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग को बुझाने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू और अग्निशमन अभियान चलाया गया।
करोड़ों के नुकसान की आशंका, आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग बुझने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। माना थाना पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।