रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। पावर कंपनी ने समाधान योजना की अंतिम तारीख को 3 महीने के लिए बढ़ा दिया है। अब पंजीकृत बकायादार इस योजना का लाभ लेते हुए अपना बकाया बिजली बिल 31 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे।इस फैसले से राजधानी रायपुर और प्रदेश के करीब 5 लाख पंजीकृत बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने की बात कही गई है।
एकमुश्त भुगतान पर 10 फीसदी की छूट
समाधान योजना के तहत बकायादारों को भुगतान के अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। यदि कोई बकायादार अपना पूरा बकाया एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे मूल राशि में 10 फीसदी की छूट मिलेगी।वहीं, अगर उपभोक्ता बकाया बिजली बिल का भुगतान तीन किस्तों में करता है, तो कुल बिजली बिल पर 5 फीसदी की छूट का लाभ मिलेगा।
पूरा सरचार्ज होगा माफ
योजना की सबसे बड़ी राहत सरचार्ज को लेकर है। समाधान योजना के तहत बकाया बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं का पूरा सरचार्ज माफ किया जाएगा।इस योजना के तहत अब तक 3.62 लाख उपभोक्ता अपना पूरा बकाया जमा कर चुके हैं। वहीं, योजना के अंतर्गत अब तक 770 करोड़ रुपये से ज्यादा की छूट दी जा चुकी है।
घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ
समाधान योजना का लाभ घरेलू और कृषि, दोनों तरह के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। अतिरिक्त तीन महीने का समय मिलने से ऐसे बकायादारों को अपने लंबित बिजली बिल का भुगतान करने का और मौका मिलेगा।