गरियाबंद/रायपुर । दीपावली की रात एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख लेकर आई। चंपारण के टीला एनीकट में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। रायपुर से दीपावली मनाने अपने घर लौट रहा साहू परिवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। उनकी कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की जान चली गई।
महानदी में अनियंत्रित होकर गिरी कार
मिली जानकारी के अनुसार, साहू परिवार रायपुर से दीपावली मनाने अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चंपारण के टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे महानदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार किसी भी सदस्य की जान नहीं बच सकी। घटना की खबर सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पति-पत्नी और दो बच्चों की दर्दनाक मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर 'मीडिया एग्जीक्यूटिव' लिखा हुआ था और शीतल साहू पत्रकार थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पसौद गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाले चारों शव
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा की चंपारण चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर महानदी में गिरी कार से चारों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नदी में कैसे गिरी, इसकी जांच की जा रही है। दीपावली के त्योहार के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।