दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG 2026) के पहले चरण की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) में शामिल अभ्यर्थी अब विश्वविद्यालय के सीएसएएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
67 कॉलेजों के 73 यूजी कोर्स में मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में संचालित 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए प्रोग्राम में प्रवेश केवल CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
CUET आवेदन संख्या से होगा रजिस्ट्रेशन
डीयू के अनुसार, उम्मीदवार केवल अपनी CUET UG 2026 आवेदन संख्या के माध्यम से सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और सरल बनाया गया है। भारत सरकार के API Setu के माध्यम से उम्मीदवारों का नाम, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर जैसी जानकारी स्वतः पोर्टल पर उपलब्ध होगी, जिससे डाटा संबंधी त्रुटियों की संभावना कम होगी।
जानें कितनी है आवेदन फीस
सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 100 रुपये रखा गया है।
दूसरे चरण में भरनी होगी कॉलेज और कोर्स की पसंद
सीएसएएस के दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का चयन करना होगा। इस दौरान CUET में चुने गए विषयों का कक्षा 12वीं में पढ़े गए विषयों से मिलान (Subject Mapping) किया जाएगा। पात्रता तय होने के बाद उम्मीदवार अपनी प्राथमिकता के अनुसार कॉलेज और कोर्स चुन सकेंगे। विश्वविद्यालय जल्द ही फेज-2 का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा।