Nepal Flood Update:नेपाल-तिब्बत सीमा पर बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 210 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इनमें नेपाल में 207 और तिब्बत में 3 लोगों की जान गई है। वहीं, करीब 1,500 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल में 900 से ज्यादा लोग लापता
नेपाल में बाढ़ के बाद लापता लोगों की संख्या 900 के पार पहुंच गई है। इनमें 28 देशों के करीब 500 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक, लापता लोगों में 300 से ज्यादा भारतीय नागरिक हैं। ऐसे में भारतीयों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
खराब मौसम बना राहत-बचाव में बड़ी चुनौती
भारी बारिश, खराब मौसम और कई जगह रास्ते टूट जाने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद नेपाली सेना और अन्य राहत दल लगातार प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। नेपाली सेना ने बुधवार सुबह रसुवा के टिमुरे इलाके से 116 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सुरक्षित निकाले गए लोगों में 95 नेपाली नागरिक और 21 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
तिब्बत में भी सैकड़ों लोग लापता
बाढ़ का असर तिब्बत में भी देखने को मिला है। चीन की सरकारी वेबसाइट CCTV के अनुसार, तिब्बत में 550 से ज्यादा लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। यहां भी राहत और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। नेपाल और तिब्बत में जारी इस आपदा के बीच प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है। खराब मौसम और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के बावजूद बचाव अभियान लगातार जारी है।
लैंडस्लाइड के बाद नदी में आया सैलाब, मचा हाहाकार
यह हादसा नेपाल-चीन सीमा के पास बुधवार सुबह हुआ। शुरुआती जानकारी में इलाके में तेज झटके महसूस होने की बात सामने आई थी। बाद में स्थिति साफ हुई कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बर्फ और चट्टानों के साथ ल्हेंदे खोला नदी में आ गिरा था। पहाड़ से बड़ी मात्रा में मलबा नदी में गिरने के बाद पानी का प्रवाह अचानक बढ़ गया और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। ल्हेंदे खोला, भोटेकोशी नदी की सहायक नदी है। भोटेकोशी नदी चीन के तिब्बत क्षेत्र से निकलकर नेपाल में प्रवेश करती है।
लाइव अपडेट्स
नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 80 लोगों के लिए हेल्पलाइन
NDRF की टीमें स्टैंडबाय पर
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद NDRF की टीमें अलर्ट मोड पर रखी गई हैं और आदेश मिलते ही उन्हें रवाना किया जा सकता है। NDRF के IG नरेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि फिलहाल भारत की कोई टीम नेपाल नहीं भेजी गई है, लेकिन नेपाल सरकार की ओर से मदद का अनुरोध आने और भारत सरकार की मंजूरी मिलने पर टीमें तुरंत रवाना होंगी। उन्होंने बताया कि भारत पहले ही नेपाल के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री लेकर दो विमान भेज चुका है, जिनमें जरूरी दवाइयां और राहत सामग्री शामिल है।
भारत ने नेपाल को भेजी राहत की दूसरी खेप
नेपाल में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच भारत ने राहत सामग्री की दूसरी खेप भेजी है। भारतीय वायुसेना के विमान से 37.5 टन राहत सामग्री, जरूरी दवाइयां और खाद्य पैकेट नेपाल रवाना किए गए हैं। इससे पहले बुधवार रात C-130J विमान के जरिए 10 टन राहत सामग्री भेजी गई थी। दोनों खेपों को मिलाकर भारत अब तक नेपाल को 47.5 टन राहत सामग्री उपलब्ध करा चुका है। भारत ने कहा है कि वह नेपाल सरकार के संपर्क में है और बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने व बचाव अभियान में हरसंभव सहायता जारी रखेगा।