जबलपुर। जबलपुर शहर के नया मोहल्ला इलाके में सोमवार रात बड़ा हादसा टल गया। यहां करीब 80 से 100 साल पुराने दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मकान में रहने वाले चार परिवारों के लोग अंदर ही फंस गए।मकान का मलबा गिरने से बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
संकरी गली बनी रेस्क्यू में बड़ी चुनौती
मकान तक पहुंचने वाली गली काफी संकरी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी आई। रेस्क्यू टीम को अंदर पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी।सुरक्षा के लिहाज से घटना के बाद इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी किसी स्थिति का खतरा न रहे। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे।नगर निगम की जेसीबी मशीन को भी संकरी गली के अंदर पहुंचाने में मुश्किल हुई। इसके बाद टीम ने मकान के पीछे स्थित बाड़े की दीवार तोड़कर वैकल्पिक रास्ता बनाया। इसी रास्ते से रेस्क्यू कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
10 लोगों को सुरक्षित निकाला, जिला अस्पताल में भर्ती
करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।सभी को इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मकान पहले से था जर्जर
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, जिस मकान का हिस्सा गिरा, वह काफी पुराना था और उसका अगला हिस्सा लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। मकान की उम्र करीब 80 से 100 साल बताई जा रही है।मकान में रहने वाले चंदन सिंह ने बताया कि उनके अलावा बाड़े में लाल सिंह, विक्रम सिंह और ईश्वर सिंह के परिवार भी रहते हैं। अगला हिस्सा गिरने के बाद रास्ता बंद हो गया था और अंदर महिलाएं, बुजुर्ग तथा बच्चे फंस गए थे।
अपर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना के बाद नगर निगम के अपर आयुक्त भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से घटना की जानकारी ली।देर रात तक मकान का मलबा हटाने का काम जारी रहा।