मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। कई शहरों में लू चल रही है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
शिवपुरी में सिंधिया का बयान सुर्खियों में
इसी तेज गर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक बयान काफी चर्चा में है। शिवपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से गर्मी से बचने के लिए पारंपरिक उपाय साझा किया।
जेब में प्याज रखने की दी सलाह
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाया और कहा कि वे गर्मी से बचाव के लिए इसे अपने साथ रखते हैं। उनका कहना था कि आजकल लोग आधुनिक सुविधाओं पर अधिक निर्भर हो गए हैं, जबकि पारंपरिक और देसी उपाय भी उतने ही कारगर हो सकते हैं।उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जहां आम लोग गैजेट्स लेकर चलते हैं, वहीं एक संचार मंत्री प्याज लेकर चल रहा है। साथ ही उन्होंने आयुर्वेद और पारंपरिक तरीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
एसी से दूरी, पसीने में भी आनंद
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि वे अपनी गाड़ी में एसी का उपयोग नहीं करते और न ही एसी वाले वातावरण में रहना पसंद करते हैं। उनका कहना है कि गर्मी में काम करना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन पसीना बहाने में भी एक अलग संतोष मिलता है।