मुरैना - जौरा रोड बैरियर चौराहे के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क पार कर रही 40 वर्षीय महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला बस के टायर में फंस गई और चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे करीब 30 फीट तक घसीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद भी नहीं रुकी बस, लोगों की चीखें भी बेअसर रहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने साथियों के साथ सड़क पार कर रही थी तभी तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला बस के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और वह उसे घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा। मौके पर मौजूद लोग लगातार चिल्लाते रहे, लेकिन चालक ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान, परिजनों के साथ जा रही थी
मृतका की पहचान कमला बघेल (40) निवासी बरीपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिजनों के साथ एक रिश्तेदारी में गमी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। जौरा रोड पर बस से उतरकर पानी पीने के दौरान यह हादसा हुआ, जब अचानक तेज रफ्तार बस ने लापरवाही से उन्हें कुचल दिया।
पुलिस ने बस जब्त की, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बस के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।