भोपाल: मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यस्तरीय समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के शौर्य, प्रदेश के विकास और किसानों, श्रमिकों व युवाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया है। साथ ही ऐलान किया कि 15 जनवरी को भोपाल में भव्य सेना दिवस समारोह आयोजित होगा, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
CM बोले- पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकियों को किया तबाह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा और भारतीय सेना के पराक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुश्मनों और आतंकवादियों से निपटने में सक्षम हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया और अपने शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि भारत अब उन देशों में शामिल है, जो अपने दुश्मनों के ठिकानों पर जाकर कार्रवाई करने की क्षमता रखते हैं।
15 जनवरी को भोपाल में होगा सेना दिवस का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 जनवरी को भोपाल में सेना दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।सेना दिवस के आयोजन के जरिए प्रदेशवासियों को भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
श्रमिकों, किसानों और युवाओं के योगदान को सराहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में समाज के हर वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्रमिकों की मेहनत, किसानों का परिश्रम, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं की ऊर्जा से प्रदेश आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस उन सभी प्रदेशवासियों के योगदान को याद करने और सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने अपने पसीने, प्रतिभा और संकल्प से मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाया है।
दूध उत्पादन में तीसरे नंबर पर MP, पहले स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि दूध उत्पादन के मामले में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। अब सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इस क्षेत्र में पहले स्थान पर पहुंचाना है।उन्होंने कृषि, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और उद्योगों को आपस में जोड़ने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश की आर्थिक विकास दर को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
क्विज विजेताओं को CM ने दिए ट्रैक्टर, बुलेट और लाखों रुपये
स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
संदीप वर्मा: क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ट्रैक्टर और 7.26 लाख रुपये का चेक दिया गया।
सुहानी राजपूत: बुलेट मोटरसाइकिल प्रदान की गई।
अक्षरा गोस्वामी: श्रीकृष्ण छात्रवृत्ति योजना के तहत एक लाख रुपये का चेक दिया गया।