भोपाल। वल्लभ भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। 28 अप्रैल 2026 को हुई इस बैठक की जानकारी एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप ने दी।
OBC छात्रों के लिए बड़ी सौगात
कैबिनेट ने ओबीसी वर्ग के छात्रों को दी जाने वाली स्कॉलरशिप को 1550 रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा उन छात्रों को मिलेगी जो दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
आंगनवाड़ियों में बिजली की व्यवस्था
प्रदेश सरकार ने 38,901 आंगनवाड़ी भवनों में बिजली पहुंचाने का फैसला लिया है। इसके लिए 80 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों और स्टाफ को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शाजापुर जिले के लखुंदर बांध में पम्प हाइड्रो सिस्टम स्थापित करने के लिए 155 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इससे शाजापुर के 17 गांव और तराना तहसील के 7 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना से करीब 9 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
सिंचाई क्षेत्र में होगा विस्तार
मंत्री ने बताया कि लखुंदर बांध होने के बावजूद नहरों से खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। नए पम्प हाइड्रो सिस्टम से सिंचाई क्षेत्र में लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मेडिकल कॉलेजों के लिए फंड स्वीकृत
कैबिनेट ने गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल में पीजी सीटों की बढ़ोतरी के लिए 80 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। वहीं श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल निर्माण के लिए 174 करोड़ रुपए का संशोधित बजट स्वीकृत किया गया है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई पर बड़ा निवेश
मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि कैबिनेट ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई क्षेत्रों के लिए कुल 26,800 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। साथ ही पीडब्ल्यूडी के पांच प्रमुख कार्यों के लिए 2030 तक 53 हजार करोड़ रुपए की निरंतरता को भी मंजूरी दी गई है।