भोपाल। राज्य सरकार सोयाबीन और मक्का उत्पादन किसानों के लिए हितों की संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सोया और मक्का उत्पादन किसानों की सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में भी खरीदी के लिए मंडियाँ खुली रखने का निर्णय लिया गया है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंडी बोर्ड के अधिकारियों को दिए गए निर्देश
मंडी बोर्ड के सभी संयुक्त संचालक को निर्देश दिए गए है कि वे अवकाश के दिनों में भी किसानों के लिए मंडी खुली रखें। वर्तमान में प्रदेश की मंडियों में अधिसूचित कृषि उपज की आवक अधिक मात्रा में हो रही है।
किसानों को फसल बेचने के लिए नहीं करना होगा इंतजार
इस अवधि में कृषकों को अपनी कृषि उपज का शीघ्र विक्रय कर उसकी राशि प्राप्त करने की आवश्यकता रहती है। ऐसी स्थिति में मंडियों में अवकाश रहने से कृषकों को अपनी उपज के विक्रय के लिये आगामी कार्य दिवस तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है, जिससे न केवल कृषि उपज के विक्रय में विलंब होगा, बल्कि कृषकों को आर्थिक एवं व्यावहारिक असुविधा का सामना भी करना पड़ेगा।
अधिकारियों को व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी
कृषकों की सुविधा एवं उनके हितों को दृष्टिगत रखते हुए यह आवश्यक है कि अवकाश दिवसों में भी मंडियों में कृषि उपज के विपणन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे।संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अनुज्ञप्तिधारी व्यापारियों के साथ आवश्यक चर्चा एवं बैठक कर समुचित समन्वय स्थापित करें। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे अवकाश दिवसों में भी मंडी प्रांगण एवं उपमंडी प्रांगण में कृषि उपज विपणन गतिविधियाँ संचालित हो सकें। कृषकों को अपनी कृषि उपज के विक्रय में अनावश्यक विलंब अथवा किसी प्रकार की असुविधा न हो।