नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, महेंद्रवाड़ी और माखननगर क्षेत्र के लोग शादी समारोह में शामिल होकर बुधनी से टवेरा वाहन में लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
शादी से लौट रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के समय वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली के साइड से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टवेरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों और मृतकों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 6 से 7 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।