मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) भर्ती वर्ष-2026 की अंतिम परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। भर्ती परीक्षा के परिणाम से संबंधित विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट mppolice.gov.in पर भी उपलब्ध कराई गई है।
24 जून से 6 अगस्त तक हुई थी भर्ती परीक्षा
मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) पद पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष-2026 की भर्ती परीक्षा का आयोजन 24 जून 2026 से 6 अगस्त 2026 तक भोपाल में किया गया था।इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 39,468 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।परीक्षा प्रक्रिया में बैंड टेस्ट और उसके बाद साक्षात्कार शामिल था।
1,271 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए हुए थे पात्र
भर्ती परीक्षा के बैंड टेस्ट में सफल उम्मीदवारों की सूची 12 अगस्त 2026 को जारी की गई थी। इस सूची में कुल 1,271 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित किया गया था।इसके बाद पुलिस विभाग की ओर से भोपाल में 20 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक साक्षात्कार आयोजित किए गए।अब बैंड टेस्ट और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों को एकीकृत और अपडेट करने के बाद अंतिम परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है।
591 पदों के बजाय 560 पदों की चयन सूची
अंतिम परिणाम में 87 प्रतिशत मुख्य भाग, जिसमें 14 प्रतिशत OBC पद भी शामिल हैं, के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।प्रावधान के अनुसार इस मुख्य भाग के 591 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी किया जाना था। हालांकि, EWS श्रेणी में विज्ञापित पदों की तुलना में पर्याप्त संख्या में योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सके।इसी वजह से अब 560 पदों के लिए चयन सूची जारी की जा रही है।
बराबर अंक वालों की वरिष्ठता उम्र के आधार पर
जिन उम्मीदवारों ने समान अंक प्राप्त किए हैं, उनके बीच आपसी सह-वरिष्ठता का निर्धारण आयु के आधार पर किया गया है।वहीं, नियम पुस्तिका में निर्धारित प्रावधान के अनुसार होमगार्ड सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के लिए योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उनके निर्धारित पद संबंधित श्रेणी के योग्य ओपन उम्मीदवारों से भरे गए हैं।
रिजल्ट कहां देखें?
मध्यप्रदेश पुलिस: mppolice.gov.in
भर्ती: मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) सीधी भर्ती परीक्षा-2026
चयन सूची: 560 पदों के लिए जारी