भोपाल। मध्य प्रदेश में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे, इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के सभी 55 जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) की निगरानी में 71,930 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा के अनुसार, 1 अक्टूबर से अब तक प्रदेश में फॉर्म-6 के कुल 4 लाख 6 हजार 338 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के 1 लाख 92 हजार 851 आवेदन शामिल हैं।
71,930 बूथों पर विशेष शिविर
मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिक फॉर्म-6 जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट न जाए।
18 से 19 वर्ष के युवाओं के 1.92 लाख आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि 1 अक्टूबर से अब तक प्राप्त 4,06,338 फॉर्म-6 में से 1,92,851 आवेदन 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के हैं। यह अभियान नए मतदाताओं को सूची में शामिल होने का अवसर प्रदान कर रहा है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकते हैं।
शिकायत के लिए निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क
निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायत या समस्या होने पर नागरिक बूथ लेवल अधिकारी (BLO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) या जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) से संपर्क कर सकते हैं। प्रदेश में 71,930 BLO, 532 AERO, 230 ERO और 55 DEO के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया संचालित की जा रही है।