मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों को जब्त किया है। औचक छापेमारी के दौरान 2 डंपर और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ में आए, जबकि कई चालक टीम को देखकर मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छापेमारी देख भागे चालक, घेराबंदी कर पकड़े गए वाहन
पन्ना में खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाया। इसी दौरान औचक छापेमारी करते हुए टीम ने रेत से भरे 2 डंपर और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कई अन्य वाहन चालक टीम को देखकर मौके से भाग खड़े हुए। हालांकि विभाग ने घेराबंदी कर 6 वाहनों को अपने कब्जे में लेने में सफलता हासिल की।
सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, जुर्माना और दंड की प्रक्रिया शुरू
जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सिविल लाइन चौकी और वीरा चौकी में खड़ा कराया गया है। खनिज अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार जुर्माना व अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रेत परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।