मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में आधी रात आए तेज तूफान ने दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। शाहनगर क्षेत्र के कचौरी गांव में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
तूफान से बचने दीवार का सहारा, अचानक बना जानलेवा हादसा
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे अचानक मौसम ने रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए कुछ राहगीर पास की एक दीवार के सहारे खड़े हो गए। लेकिन कुछ ही पलों में ईंटों से बनी यह दीवार भरभराकर गिर पड़ी और उसके मलबे में चार लोग दब गए।
एक की मौत, तीन गंभीर—ग्रामीणों ने मलबे से निकाला
हादसे में 40 वर्षीय माया सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्भय सिंह, रवि शंकर और परसोत्तम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।