झारखंड में कांग्रेस के 4 विधायकों को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सरकार में शामिल करने से नाराज पार्टी के 12 में से आठ विधायक बीते शनिवार की शाम दिल्ली पहुंचे। वहीं, बताया जा रहा है कि नाराज कांग्रेस विधायक बेंगलुरु जाने की तैयारी में हैं। नाराज कांग्रेस विधायकों को मनाने की कोशिशें तेज है। पार्टी आलाकमान से लेकर गठबंधन के नेता भी उन सभी को मनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
"झारखंड में सियासी संकट की कोई बात नहीं है"
"
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी बीते शनिवार को दिल्ली रवाना हुए। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि गठबंधन के नेता के रूप में हम मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस विधायकों की नाराजगी की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम चंपई सोरेन ने कहा है कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। इस पर हम कुछ कहना नहीं चाहते हैं। झारखंड में सियासी संकट की बात कोई नहीं है। हमारा गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है।
"कैबिनेट विस्तार होने के बाद से ही कांग्रेस में छिड़ गया कलह
"
चंपई सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार होने के बाद से ही कांग्रेस में कलह छिड़ गया है। कांग्रेस के 12 विधायक चंपई सोरेन की कैबिनेट विस्तार से नाखुश चल रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से सभी पुराने चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया गया, जिससे कई कांग्रेसी विधायक नाराज हो गए। नाराज कांग्रेस विधायकों का कहना है कि कैबिनेट में कांग्रेस कोटे से जिन 4 लोगों को जगह मिली है, वे पूर्व की हेमंत सोरेन सरकार में भी मंत्री थे। इससे कांग्रेस के 12 विधायक नाराज हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को दो-टूक कह दिया है कि कैबिनेट से इन चारों को हटाकर नए चेहरों को मंत्री नहीं बनाया गया तो वे विधानसभा के बजट सत्र का बहिष्कार करेंगे।
Comments (0)