8th Pay Commission Latest Update: 8वें वेतन आयोग को लेकर जहां लाखों केंद्रीय कर्मचारी सैलरी बढ़ोतरी और नई सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं नौकरी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले ने कुछ कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। सरकार ने संसद में स्पष्ट किया है कि कुछ पुराने रिटायर्ड केंद्रीय कर्मचारियों को मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (MACP) योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। यह योजना उन कर्मचारियों के लिए बनाई गई थी, जिन्हें समय पर प्रमोशन नहीं मिल पाता था।
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा MACP का लाभ
सरकार ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2006 से 31 अगस्त 2008 के बीच रिटायर हुए केंद्रीय कर्मचारियों को MACP योजना का लाभ नहीं मिलेगा। सरकार का तर्क है कि MACP योजना सितंबर 2008 से लागू की गई थी। इसलिए इससे पहले रिटायर हो चुके कर्मचारियों पर इस योजना को लागू नहीं किया जा सकता। यानी जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि 1 सितंबर 2008 या उसके बाद तक रही, उन्हें ही इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
क्या है MACP योजना?
Modified Assured Career Progression (MACP) योजना उन कर्मचारियों के लिए शुरू की गई थी, जिन्हें लंबे समय तक प्रमोशन नहीं मिल पाता था। इस योजना के तहत कर्मचारियों को नियमित प्रमोशन के बजाय आर्थिक लाभ देने का प्रावधान किया गया था।
MACP के तहत कर्मचारियों को:
10 साल की सेवा पूरी होने पर
20 साल की सेवा पूरी होने पर
30 साल की सेवा पूरी होने पर वित्तीय अपग्रेडेशन दिया जाता है। इसके अलावा, अगर कोई कर्मचारी एक ही ग्रेड-पे में 10 साल तक काम करता है और प्रमोशन नहीं मिलता, तो उसे भी इसका लाभ मिल सकता है।
ग्रुप C और ग्रुप D कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण योजना
MACP योजना खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है, जिनके प्रमोशन के अवसर सीमित होते हैं।
विशेष रूप से:
ग्रुप C कर्मचारी
ग्रुप D कर्मचारी
लंबे समय तक एक ही पद पर रहने की स्थिति में इस योजना के जरिए आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि छठे वेतन आयोग के दौरान 2006 से अगस्त 2008 के बीच रिटायर हुए कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने सरकार के सामने रखी नई मांग
8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारी संगठनों NC-JCM ने MACP व्यवस्था में बदलाव की मांग उठाई है। कर्मचारी संगठनों की मांग है कि वर्तमान में मिलने वाले 3 वित्तीय अपग्रेडेशन को बढ़ाकर 5 किया जाए।
उनकी मांग के अनुसार कर्मचारियों को:
6 साल की सेवा पर
12 साल की सेवा पर
18 साल की सेवा पर
24 साल की सेवा पर
30 साल की सेवा पर करियर अपग्रेडेशन का लाभ मिलना चाहिए।
8वें वेतन आयोग ने मांगा MACP डेटा
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने सभी विभागों से पिछले तीन वर्षों का MACP से जुड़ा डेटा मांगा है। इसके जरिए आयोग यह पता लगाएगा कि कितने कर्मचारी इस योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रहे हैं और मौजूदा व्यवस्था में किन बदलावों की जरूरत है।