नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (AAP) ने इथेनॉल नीति को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करने की मांग की।
संजय सिंह ने सरकार पर लगाए आरोप
इस दौरान AAP सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने एक महीने पहले प्रधानमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा था। उन्होंने कहा कि इथेनॉल नीति के विरोध में 2.33 लाख से अधिक लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे प्रधानमंत्री को सौंपना है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका से इथेनॉल खरीद रही है और इससे देश के वाहन मालिकों को नुकसान हो सकता है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में वाहन E20 ईंधन के अनुरूप नहीं हैं और ऐसी स्थिति में लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र से इथेनॉल आयात रोकने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज बोले- प्रधानमंत्री से संवाद होना चाहिए
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से भी बात की है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग हस्ताक्षर अभियान के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि AAP प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इथेनॉल नीति पर खुली चर्चा चाहती है।
केजरीवाल ने PM से मुलाकात की जताई इच्छा
वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के किसी भी दबाव में आकर फैसला नहीं लेना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से अमेरिका से इथेनॉल खरीद बंद करने और E20 नीति पर पुनर्विचार करने की अपील की। केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने के लिए संदेश भेजा है और उम्मीद जताई कि जल्द बातचीत का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।
केजरीवाल के विरोध पर हर्ष मल्होत्रा का पलटवार
वहीं अरविंद केजरीवाल के E20 पेट्रोल विरोध पर भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा, "जो वे कहते हैं, वे हमेशा करते रहते हैं। वे बोलते हैं कि मैं अराजकतावादी हूं तो वे बार-बार साबित करने की कोशिश करते हैं कि वे अराजकतावादी हैं लेकिन अब उनमें इस बात की होड़ लगी है कि अराजकतावादी नंबर 1 कौन हैं? राहुल गांधी हैं या केजरीवाल? केजरीवाल उस विषय पर जा रहे हैं जिस विषय पर लगातार कांग्रेस के मणिशंकर अय्यर ने बोला कि इथेनॉल ब्लेंडिंग की आवश्यकता है। खड़गपुर IIT से पढ़ा हुआ व्यक्ति भी अगर इस बात को बोलेगा तो समझ में आता है कि वे कितना बड़ा अराजकतावादी है।
देश में एक भी शिकायत नहीं है - तरूण चुघ
अरविंद केजरीवाल के E20 पेट्रोल विरोध पर भाजपा सांसद तरूण चुघ ने कहा, "बेतुका, बेमर्जी का उनका अभियान है कोई लॉजिक नहीं है कोई जानकारी नहीं है। कोई बात विज्ञान संबन्धित नहीं है। वैज्ञानिक तरीके के साथ सब चीजें की गई है। उनका ये व्यवहार भारत के किसानों का विरोध है। इथेनॉल यानी किसानों की सुरक्षा, इथेनॉल यानी पंजाब के किसानों द्वारा जो मक्के और गन्ने का उत्पादन है, वे उसका विरोध कर रहे हैं। देश में एक भी शिकायत नहीं है।