नई दिल्ली: नई दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चुनाव जीतने के बाद पाला बदलने वाले सांसदों के खिलाफ दलबदल विरोधी कानून के तहत तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट जाएगी TMC
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर लोकसभा अध्यक्ष दलबदलू सांसदों के मामलों में ठोस और समयबद्ध फैसला नहीं लेते हैं, तो तृणमूल कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी।
10वीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की मांग
TMC का कहना है कि किसी दूसरे दल के टिकट पर चुनाव जीतकर बाद में पाला बदलने वाले सांसदों के खिलाफ संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने स्पीकर से इन मामलों में बिना अनावश्यक देरी के फैसला लेने की मांग की है।
लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान बताया
अभिषेक बनर्जी ने दलबदल के मामलों में लंबे समय तक निर्णय लंबित रहने पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी देरी लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान है। TMC का रुख है कि दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई में किसी तरह की पक्षपातपूर्ण रवैया या अनिश्चितकालीन देरी नहीं होनी चाहिए।