कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2802 गुरुवार को उस समय बड़ी मुश्किल में पड़ गई, जब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फाइनल अप्रोच के दौरान विमान के कॉकपिट क्रू को एक इंजन में आग लगने का संकेत मिला। जांच के दौरान इंजन में वास्तविक रूप से आग की पुष्टि हुई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से कुछ सेकंड पहले एअर इंडिया फ्लाइट के इंजन में लगी आग
इंजन में आग लगने की आशंका के बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। इसके बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान की रात करीब 9:30 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुल 171 यात्री सवार थे।
घटना के बारे में एअर इंडिया ने क्या कहा?
एअर इंडिया ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि विमान जब दिल्ली में फाइनल अप्रोच के दौरान लैंडिंग कर रहा था, तभी कॉकपिट क्रू को एक इंजन से आग लगने की चेतावनी मिली। बाद में जांच में यह चेतावनी सही पाई गई।
प्रवक्ता ने कहा कि क्रू ने सभी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाए और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरलाइन के अनुसार, सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और सामान्य तरीके से विमान से बाहर निकल गए।