थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। तेज हवा और खराब मौसम के कारण विमान को जोरदार झटके लगे, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और अनुभव के चलते विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में यात्रियों और केबिन क्रू समेत कुल 12 लोग घायल हुए हैं। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद घायलों का तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया गया। कुछ यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया।
उड़ान के दौरान मचा हड़कंप
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने बताया कि विमान ने उड़ान भरने के लगभग डेढ़ घंटे बाद अचानक तेज झटके महसूस होने लगे। उस समय सुबह का वक्त होने के कारण अधिकांश यात्री अपनी सीटों पर सो रहे थे। अचानक विमान तेजी से ऊपर-नीचे होने लगा, जिससे कई लोग अपनी सीटों से उछल गए। यात्री के अनुसार करीब दो से तीन मिनट तक स्थिति बेहद भयावह रही और ऐसा महसूस हो रहा था जैसे विमान नियंत्रण खोकर पलट रहा हो।
यात्री ने दावा किया कि कई लोगों ने सीट बेल्ट नहीं बांधी हुई थी, जिसके कारण झटकों के दौरान कुछ यात्री ऊपर की ओर उछलकर विमान की छत से टकरा गए। कई लोगों के कंधे, पैर और हाथ में चोटें आईं, जबकि कुछ को सिर में भी हल्की चोट लगी।
कई यात्रियों को आई मामूली चोटें
प्रत्यक्षदर्शी यात्री के मुताबिक फ्लाइट में 100 से अधिक लोग सवार थे। उनका कहना है कि करीब 15 से 20 यात्रियों को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आईं, जबकि अधिकांश यात्रियों को हल्की खरोंच या मामूली चोट लगी। हालांकि एयरलाइन की ओर से आधिकारिक तौर पर 12 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है।
विमान के अंदर भी हुआ नुकसान
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान के केबिन की छत (सीलिंग) के कुछ पैनलों में दरारें और क्षति दिखाई दी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि टर्बुलेंस काफी तीव्र था। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे हालात में यदि यात्री सीट बेल्ट लगाए रखें तो गंभीर चोटों की संभावना काफी कम हो जाती है।
एअर इंडिया का बयान
एअर इंडिया ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि फ्लाइट सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गई और सभी यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही। एयरलाइन ने बताया कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
टर्बुलेंस क्या होता है?
टर्बुलेंस उड़ान के दौरान वातावरण में अचानक होने वाले वायु दबाव और हवा की दिशा में बदलाव के कारण पैदा होने वाली स्थिति है। इसमें विमान कुछ समय के लिए तेज झटके महसूस करता है। आधुनिक विमानों को ऐसे हालात का सामना करने के लिए डिजाइन किया जाता है, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञ हमेशा यात्रियों को सीट पर बैठे रहने और सीट बेल्ट बांधे रखने की सलाह देते हैं ।