अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में हर दिन घुसपैठ होती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं और अवैध घुसपैठिए खुद वापस जाने लगे हैं। अमित शाह ने यह बयान गुजरात के अहमदाबाद दौरे के दौरान दिया।
घुसपैठियों पर कार्रवाई को लेकर क्या बोले अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घुसपैठ रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं और सरकार चाहती है कि जो लोग अवैध तरीके से आए हैं, वे स्वेच्छा से वापस लौट जाएं। शाह ने कहा कि अगर लोग खुद वापस चले जाते हैं तो सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी और लौटने में मदद भी करेगी।
डेमोग्रैफिक बदलाव पर बनी हाई लेवल कमेटी
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि देश से हर अवैध घुसपैठिए को बाहर निकाला जाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के तहत जनसंख्या में कृत्रिम बदलाव और घुसपैठ के मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। यह समिति देशभर में जनसांख्यिकीय बदलावों के कारणों और उन्हें रोकने के उपायों का अध्ययन करेगी। जरूरत पड़ने पर नए कानून की सिफारिश भी की जाएगी।
BSF को जमीन सौंपने पर सुवेंदु अधिकारी की तारीफ
अमित शाह ने बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग के लिए BSF को जमीन देने के मामले में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिर्फ सात दिनों में 600 हेक्टेयर जमीन BSF को सौंप दी गई। इसके अलावा चिकन नेक क्षेत्र की 121 हेक्टेयर भूमि भी सीमा सुरक्षा बल को दी गई है, जिससे सीमाई सुरक्षा मजबूत होगी।
ममता सरकार पर साधा निशाना
अमित शाह ने कहा कि पहले ममता बनर्जी सरकार के समय पश्चिम बंगाल में रोजाना घुसपैठ होती थी, लेकिन अब कार्रवाई के डर से लोग वापस लौटने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा सुरक्षा और अवैध घुसपैठ रोकने को लेकर पूरी तरह गंभीर है।