अमृतसर। स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब के अमृतसर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार नाबालिगों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर रेलवे ट्रैक, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक रेलवे ट्रैक के पास कैमरे लगाकर ट्रेनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था के फुटेज पाकिस्तान भेजे जा रहे थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों को अंतिम निर्देश मिलते ही रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम देना था।
रेलवे ट्रैक की रेकी कर पाकिस्तान भेज रहे थे फुटेज
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों ने अमृतसर-जालंधर रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड फुटेज पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलरों तक पहुंचाई जा रही थी। इसके बदले आरोपियों को पैसे का लालच दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि कैमरे लगाने के लिए डिजिटल माध्यम से भुगतान किया गया था।
दो आतंकी मॉड्यूल का खुलासा
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले वंश कुमार और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में हथियार सप्लायर अनमोल सिंह उर्फ साहिल का नाम सामने आया, जिसे बाद में दबोच लिया गया। जांच के दौरान केंद्रीय जेल अमृतसर में बंद सुखदेव सिंह और हरमन सिंह उर्फ हम्मू की भूमिका भी सामने आई, जिन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने दो नाबालिगों को पिस्तौल और पेट्रोल बम के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद सुखमन सिंह सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दूसरा मॉड्यूल पेट्रोल बम से हमला करने और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने की तैयारी में था।
हवाला और विदेशी नेटवर्क की जांच तेज
जांच एजेंसियां अब विदेशी हैंडलरों, हवाला नेटवर्क और फंडिंग के स्रोत की जांच कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का संबंध अन्य आतंकी गतिविधियों से तो नहीं रहा है। रेलवे ट्रैक पर लगाए गए कैमरों और भेजी गई फुटेज की भी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर का बयान
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ISI समर्थित दोनों मॉड्यूल का उद्देश्य रेलवे ट्रैक और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर देश में अशांति और सांप्रदायिक तनाव फैलाना था। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया।