नई दिल्ली - झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और कथित लाठीचार्ज का मुद्दा अब संसद में भी राजनीतिक टकराव का कारण बन गया है। इस मुद्दे को लेकर एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा ने एनडीए के विरोध प्रदर्शन पर तंज कसते हुए पलटवार किया।
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे अपने बयान में कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ कथित तौर पर लाठीचार्ज और ज्यादती हुई है, लेकिन राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप हैं। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता अनुराग ठाकुर ने आगे आरोप लगाया है कि राहुल गांधी गृह मंत्री से सदन में जवाब की मांग करते हैं, लेकिन जब गृह मंत्री जवाब देने के लिए तैयार हैं तो राहुल गांधी सदन में मौजूद नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस पर केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया।
प्रियंका गांधी ने एनडीए पर कसा तंज
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एनडीए सांसदों के प्रदर्शन पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहली बार सत्ताधारी दल के सांसदों को विरोध प्रदर्शन करते देखा है। प्रियंका गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब एनडीए सांसदों को आगे आकर इस मुद्दे पर बयान देना चाहिए।
संसद परिसर में हुआ प्रदर्शन
दरअसल, मंगलवार को एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में झारखंड के छात्रों से जुड़े मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए। भाजपा नेताओं का कहना है कि झारखंड के युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय पर राहुल गांधी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को सरकार के राजनीतिक दबाव और संसद में विपक्ष की आवाज से जोड़कर देख रही है। इस मुद्दे ने संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह सियासी तापमान बढ़ा दिया है।