हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर सेस बढ़ाए जाने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में दिए अपने प्रेस बयान में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ईंधन पर अतिरिक्त सेस लगाए जाने को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लगातार टैक्स, वैट और सेस बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हिमाचल मॉडल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिस मॉडल को चुनाव के दौरान 'खटाखट मॉडल' के रूप में पेश किया गया था, वह अब 'खटारा मॉडल' बन चुका है।
पेट्रोल-डीजल पर सेस को लेकर सरकार पर हमला
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल पर टैक्स का बोझ लगातार बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के शुरुआती महीनों में ही वैट में बढ़ोतरी की गई और डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपये तक कर दिया गया।इसके बाद डीजल पर 5 रुपये का अतिरिक्त सेस लगाए जाने का भी उन्होंने जिक्र किया।
'तेल के जरिए जनता पर चौथा हमला'
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों और उन पर लगने वाले अतिरिक्त करों का सीधा असर आम लोगों के मासिक बजट पर पड़ता है। उनके मुताबिक ईंधन महंगा होने से केवल वाहन चलाने का खर्च नहीं बढ़ता, बल्कि परिवहन लागत बढ़ने के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं और दूसरी सेवाओं की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल के बाद बस किराए और सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले ही प्रदेश की जनता परेशान है। अब ईंधन पर अतिरिक्त सेस लगाने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
ट्रक चालक, किसान और व्यापारियों पर असर का दावा
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि महंगे डीजल का सबसे सीधा असर ट्रक ऑपरेटरों, किसानों, व्यापारियों और परिवहन से जुड़े लोगों पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन की लागत बढ़ने के कारण इन वर्गों का खर्च बढ़ रहा है और इसका असर अंततः आम उपभोक्ता तक पहुंचता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आम लोगों को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय टैक्स और सेस बढ़ाने का रास्ता अपनाया जा रहा है।
बढ़ते कर्ज को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर सवाल
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रदेश की जनता को बढ़ते टैक्स और महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ राज्य पर कर्ज का बोझ भी लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कर्ज और टैक्स के सहारे चलाने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक सरकार को राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ खर्च और वित्तीय प्रबंधन पर भी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता को राहत देने के बजाय नए-नए कर और सेस के माध्यम से आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि पहले ही महंगाई से परेशान जनता के लिए ईंधन पर अतिरिक्त सेस किसी अतिरिक्त दबाव से कम नहीं है।उन्होंने कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के हर वर्ग को महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
'खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है'
अपने बयान में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में जिस 'खटाखट मॉडल' का वादा किया था, वह अब 'खटारा मॉडल' में बदल गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों का असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है और प्रदेशवासियों को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सरकार से मांगा जवाब
सासंद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाए गए टैक्स और सेस से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कहां किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता लगातार अतिरिक्त भुगतान कर रही है, लेकिन उसे राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।