श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ पर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जहां इस दिन को उपलब्धि दिवस के रूप में मनाते हुए प्रदेशभर में मिठाइयां बांटेगी और केंद्र सरकार के फैसले की उपलब्धियां गिनाएगी, वहीं कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) इसे 'काला दिवस' के रूप में मनाते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगी। संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बिना अनुमति किसी भी रैली, जुलूस या सार्वजनिक सभा पर रोक लगाने की एडवाइजरी जारी की है।
बिना अनुमति प्रदर्शन पर रोक, पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी जिला पुलिस मुख्यालयों के माध्यम से लोगों से अपील की है कि सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी विरोध प्रदर्शन, रैली, जुलूस या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित न किया जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों ने श्रीनगर, जम्मू और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील भी की है।
भाजपा मनाएगी जश्न, बताएगी फैसले के फायदे
भाजपा आज पूरे जम्मू-कश्मीर में कार्यक्रम आयोजित कर अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए मिठाइयां बांटेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि 5 अगस्त 2019 का निर्णय जम्मू-कश्मीर के विकास, निवेश, पारदर्शिता और राष्ट्रीय एकीकरण की दिशा में बड़ा कदम साबित हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न जिलों में जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए लोगों को इस फैसले के बाद हुए विकास कार्यों की जानकारी भी देंगे।
विपक्ष मनाएगा 'काला दिवस'
कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी लगातार सातवें वर्ष भी इस दिन को 'काला दिवस' के रूप में मनाएंगी। विपक्षी दलों का आरोप है कि अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर के विशेष अधिकार समाप्त किए गए और अब तक पूर्ण राज्य का दर्जा भी बहाल नहीं किया गया। इन दलों की ओर से जिला और प्रदेश कार्यालयों में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे, जहां कार्यकर्ता काली पट्टियां बांधकर केंद्र सरकार के फैसले का विरोध दर्ज कराएंगे।
नेशनल कॉन्फ्रेंस की राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस देने की मांग तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। पार्टी जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ दिल्ली में भी प्रदर्शन करेगी, जिसमें विपक्षी दलों के शामिल होने की संभावना है।
पीडीपी की मुख्य मांगें
महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) आज जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी। पार्टी की प्रमुख मांगों में अनुच्छेद 370 की बहाली, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना शामिल है। पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं को अधिकृत पोस्टरों के साथ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस भी प्रदेशभर में करेगी प्रदर्शन
कांग्रेस भी श्रीनगर और जम्मू स्थित प्रदेश कार्यालयों सहित सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा और कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला विभिन्न कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के विशेष अधिकारों को समाप्त कर जनता के साथ अन्याय किया गया और राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा भी अब तक पूरा नहीं हुआ।