नई दिल्ली - बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित AK-47 फायरिंग के दावे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई बेहद गंभीर है और सरकार को युवाओं से टकराव की राजनीति से बचना चाहिए।सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में केजरीवाल ने कहा, "आखिर बीजेपी को क्या हो गया है? बिहार में हमारे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं। क्या ये छात्र आतंकवादी हैं? मैं मोदी और सम्राट चौधरी से कहना चाहता हूं कि प्लीज छात्रों से पंगा मत लीजिए।"
जेपी आंदोलन का किया जिक्र
अरविंद केजरीवाल ने अपने बयान में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती से ही कभी यह नारा उठा था, "सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।" केजरीवाल ने कहा कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
बिहार बंद के दौरान हुई थी फायरिंग
यह मामला 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने के बीच एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे और विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया।
फायरिंग करने वाला पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
पथराव और तनाव के बीच बिगड़े थे हालात
पुलिस के अनुसार, बिहार बंद के दौरान सिवान में प्रदर्शन के समय कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग करता हुआ दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। अब इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की कार्रवाई पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।