नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर E20 ईंधन नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के युवाओं ने एकजुट होकर पेपर लीक के मुद्दे पर आवाज उठाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, उसी तरह अब E20 के मुद्दे पर भी लोगों को एकजुट होकर अपनी बात रखनी होगी।
'युवाओं की एकजुटता से मिली जीत'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश के युवाओं और लोकतंत्र की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि जब जनता एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करती है तो सरकार को फैसले लेने पड़ते हैं। इसी उदाहरण का जिक्र करते हुए उन्होंने E20 के मुद्दे पर भी देशभर के लोगों से आगे आने की अपील की।
शनिवार को होगा 'नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20'
केजरीवाल ने घोषणा की कि शनिवार को दिल्ली में 'नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20' का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में लोग E20 नीति पर अपनी राय रख सकेंगे। जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, उनके लिए ऑनलाइन शामिल होने की भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रधानमंत्री से समाधान निकालने की अपील
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से E20 से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए और सरकार को लोगों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि टाउनहॉल में बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर अपनी राय साझा करेंगे।