नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित (बैन) कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्टीकरण के यह कार्रवाई की गई और कई बार जवाब मांगने के बावजूद Meta की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
'PM मोदी के आगे इतना मत झुकिए'
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए Meta और उसके सीईओ मार्क जुकरबर्ग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने "इतना न झुके" और निष्पक्ष तरीके से काम करे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के दबाव में की गई हो सकती है।
प्रतिबंध पर उठाए सवाल
केजरीवाल ने कहा कि Meta इंडिया से मौखिक तौर पर जानकारी लेने की कोशिश की गई, जहां उन्हें बताया गया कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है। हालांकि, किसी भी अधिकारी ने यह नहीं बताया कि प्रतिबंध किस वजह से लगाया गया और इसे हटाने की प्रक्रिया क्या है।
ईमेल का भी नहीं मिला जवाब
AAP प्रमुख के अनुसार, इस मामले में Meta को कई ईमेल भेजे गए, लेकिन हर बार केवल सामान्य ऑटोमेटेड जवाब मिले। उन्होंने कंपनी की ग्राहक सहायता सेवा पर सवाल उठाते हुए इसे "बेहद खराब" बताया।
Meta से पारदर्शिता की मांग
केजरीवाल ने Meta से अपने अकाउंट पर लगी रोक का कारण सार्वजनिक करने और जल्द समाधान देने की मांग की। फिलहाल Meta की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।