नई दिल्ली। सांसद पप्पू यादव के संसद में हुए प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे, ई-20 पेट्रोल नीति और महिलाओं की योजनाओं को लेकर कई सवाल उठाए।
पप्पू यादव मामले पर पीएम से पूछा सवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं कि "इतनी बड़ी चोरी हो गई, भगवान का मुकुट और अन्य सामान चोरी हो गया, क्या उससे किसी की भावना आहत नहीं हुई?" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खुद को हिंदूवादी बताती है, लेकिन उसका मकसद केवल हिंदुओं के वोट हासिल करना है।
ई-20 पेट्रोल नीति पर भी साधा निशाना
केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे लोगों के वाहन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जबरदस्ती इस नीति को लागू कर रही है और इसके पीछे बाहरी दबाव काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर शुरू की गई ऑनलाइन याचिका पर 2.33 लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
4 अगस्त को पीएम आवास तक मार्च
आप प्रमुख ने घोषणा की कि 4 अगस्त दोपहर 12 बजे वह करीब 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे। उनका कहना है कि वे प्रधानमंत्री को ई-20 नीति से जुड़ी याचिका सौंपकर इस विषय पर चर्चा करना चाहते हैं।
महिला योजना और रुचिका मामले का भी उठाया मुद्दा
केजरीवाल ने महिलाओं को ₹2500 देने की योजना में लगाई गई शर्तों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका दावा है कि इन शर्तों के कारण अधिकांश महिलाएं योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी। वहीं, प्रधानमंत्री से माफी मांगने वाली युवती रुचिका के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस पर दबाव बनाकर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई।