पश्चिम बंगाल :के पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल से एक बेहद दुखद और झझोंर देने वाली घटना सामने आई है। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित और पुराने निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के स्विमिंग पूल में डूबने से छठी कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब स्कूल में गर्मियों की छुट्टियों के मद्देनजर आयोजित समर कैंप में छात्र तैरना (सविमिंग) सीख रहा था। इस घटना के बाद से स्कूल परिसर और छात्र के परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक छात्र की पहचान हिलारियन के रूप में हुई है। आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
समर कैंप में तैरना सीखने गया था मासूम
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के लोअर चेलिडंगा इलाके का रहने वाला अद्रिक गुरुवार सुबह स्कूल के स्विमिंग पूल में तैरना सीखने गया था। बताया जा रहा है कि इस पुराने और नामी स्कूल में बीती 21 मई से समर ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत हुई थी। यहां रोजाना सुबह 7:00 से 7:30 बजे के बीच अलग-अलग शिफ्ट में बच्चों को तैराकी की ट्रेनिंग दी जा रही थी। अद्रिक भी अपनी तय शिफ्ट के अनुसार सुबह स्कूल पहुंचा था।
कैसे हुआ हादसा, स्थिति अभी स्पष्ट नहीं
हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर अभी धुंधलापन बना हुआ है। यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सका है कि पूल में अद्रिक को डूबता देख वहां मौजूद अन्य बच्चों ने चीख-पुकार मचाई या फिर वहां मौजूद स्विमिंग ट्रेनर (प्रशिक्षक) और स्टाफ ने खुद उसे डूबते हुए देखा। आनन-फानन में अद्रिक को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से अन्य बच्चों के अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि इस बात की पूरी जांच होनी चाहिए कि इतनी बड़ी लापरवाही किस स्तर पर और क्यों हुई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस, प्रिंसिपल बोले- 'यह शोक की घड़ी'
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। पुलिस ने स्कूल में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है ताकि हादसे के वक्त की असल सच्चाई का पता लगाया जा सके।
दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर स्कूल के प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) रवि विक्टर ने मीडिया से ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने बेहद संक्षिप्त में कहा:"यह हमारे लिए बेहद शोक का क्षण है। स्कूल में समर कैंप चल रहा था और उसी दौरान यह दुखद घटना घट गई। मैं पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं। इस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।"पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यदि स्कूल प्रबंधन या ट्रेनर की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी