उत्तर 24 परगना के बरानगर में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और छिनतई के गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में तृणमूल श्रमिक संगठन से जुड़े कर्मी शंकर राउत समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को सभी आरोपियों को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया गया।
लेबूबागान इलाके में हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार घटना बरानगर नगर पालिका क्षेत्र के लेबूबागान इलाके की है। कुछ दिन पहले इलाके की एक महिला ने आरोप लगाया था कि शंकर राउत के करीबियों ने उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे।
स्थानीय लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ा
आरोप है कि स्थानीय लोगों ने अर्पण दत्त और देवज्योति बनिक उर्फ बोनी को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। घटना की खबर मिलते ही शंकर राउत अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और दोनों को भीड़ से निकालकर अपनी कार में बैठा लिया।
अस्पताल से हुई गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि शंकर राउत आरोपियों को इलाज के लिए बरानगर अस्पताल ले गया था। इस बीच पीड़िता महिला ने बरानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अस्पताल में छापेमारी कर शंकर राउत, अर्पण दत्त, देवज्योति बनिक उर्फ बोनी, देबाशीष दास और सुबल दे को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट ने भेजा पुलिस हिरासत में
पुलिस ने शनिवार को सभी आरोपियों को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।