कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तालाब के भीतर छिपाकर रखे गये हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया है। महेशपुर इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखे गये तीन आग्नेयास्त्र, 20 कारतूस, बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में अवैध हथियार छिपाकर रखे जाने की सूचना मुखबिरों के जरिये मिली थी। सूचना मिलने के बाद बासंती थाना पुलिस की एक विशेष टीम रविवार अपराह्न महेशपुर इलाके में पहुंची और संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।
तालाब में डुबोकर रखा गया था हथियारों से भरा बोरा
तलाशी के दौरान पुलिस ने तालाब के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी देर की जांच के बाद तालाब के भीतर डुबोकर रखे गये एक प्लास्टिक के बोरे का पता चला। बोरे को बाहर निकालकर जांच करने पर उसमें हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान में तीन आग्नेयास्त्र, 20 जिंदा कारतूस के अलावा बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला बारूद और अन्य संदिग्ध सामग्री शामिल है।
बड़ी घटना की साजिश की आशंका
पुलिस को आशंका है कि इलाके में किसी बड़ी आपराधिक या हिंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी। हथियारों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयी हैं।
गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों को तालाब में किसने छिपाया था और इसके पीछे कौन सा आपराधिक गिरोह सक्रिय है। मामले की जांच तेज कर दी गयी है और इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गयी है।