पश्चिम बंगाल में सरकारी नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब उम्मीदवार परीक्षा के बाद अपनी OMR शीट की कॉपी घर ले जा सकेंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से इस नई व्यवस्था की घोषणा की। शनिवार को सियालदह में आयोजित रोजगार मेले में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी भर्ती प्रणाली में कई खामियां थीं, जिन्हें सुधारना जरूरी है।
भर्ती घोटालों के बाद सरकार का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में शिक्षा और अन्य सरकारी भर्तियों को लेकर राज्य की काफी बदनामी हुई है। कई मामलों में अदालतों को हस्तक्षेप करना पड़ा और हजारों शिक्षकों की नियुक्तियां भी रद्द हुईं। ऐसे में नई सरकार भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर काम कर रही है।
अब छात्रों को मिलेगी OMR शीट की कार्बन कॉपी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक परीक्षा में उपयोग होने वाली OMR शीट की कॉपी भी जमा करा ली जाती थी, जिससे उम्मीदवारों के पास अपने उत्तरों का कोई रिकॉर्ड नहीं रहता था। नई व्यवस्था के तहत अब छात्र OMR शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ घर ले जा सकेंगे, ताकि वे भविष्य में अपने प्रदर्शन का मिलान कर सकें और किसी भी विवाद की स्थिति में पारदर्शिता बनी रहे।
मौखिक परीक्षा के अंक होंगे कम
भर्ती प्रक्रिया में बदलाव के तहत सरकार मौखिक (वाइवा) परीक्षा के अंकों को कम करने पर भी विचार कर रही है। मुख्यमंत्री का कहना है कि मौखिक परीक्षा में पक्षपात और भ्रष्टाचार की आशंका अधिक रहती है, इसलिए लिखित परीक्षा को ज्यादा महत्व दिया जाएगा। साथ ही उम्मीदवारों के स्कोर भी वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाएंगे।
अब ‘व्हाट्सएप भर्ती’ नहीं होगी
मुख्यमंत्री ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अब व्हाट्सएप के माध्यम से भर्ती नहीं होगी। उन्होंने साफ किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह नियमों और पारदर्शिता के आधार पर होगी। इस रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार शामिल हुए।
सुकांत मजूमदार ने की मुख्यमंत्री की तारीफ
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह का घोटाला नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में रुकी हुई कई परियोजनाओं का काम जल्द शुरू किया जाएगा।