पटना - बिहार में संगठित और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। राज्य पुलिस ने 1,433 ऐसे अपराधियों की पहचान की है, जिन्होंने कथित रूप से अवैध तरीकों से संपत्ति अर्जित की है। अब इनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय के एडीजी सुधांशु कुमार ने बताया कि BNSS की धारा 107 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में 428 आरोपियों के खिलाफ संपत्ति जब्ती की अनुमति के लिए अदालत में प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, जबकि 103 मामलों में प्रक्रिया जारी है। अब तक चार अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।
आदतन अपराधियों पर CCA के तहत कार्रवाई
जनवरी से 15 मई के बीच बिहार पुलिस ने व्यापक निवारक कार्रवाई की है। इस दौरान BNSS की धारा 126 और 135 के तहत 4,13,118 लोगों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 1,34,358 लोगों से भविष्य में अपराध न करने का बॉन्ड भरवाया गया। इसके अलावा अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के तहत भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कुल 676 अपराधियों के खिलाफ जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं, जिनमें से 252 मामलों में आदेश जारी हो चुके हैं।
अपराध पर सख्ती का संदेश
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य राज्य में संगठित अपराध नेटवर्क को कमजोर करना और अवैध संपत्ति अर्जन पर पूरी तरह रोक लगाना है। वहीं सम्राट सरकार का दावा है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।