नई दिल्ली: देशभर में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का दौर जारी है। बिहार के कई जिलों में दिन में ही अंधेरा छा गया, जबकि यूपी में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में खराब मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है।
बिहार के 20 जिलों में तेज बारिश और अंधेरा
बिहार में शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया। पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और छपरा समेत करीब 20 जिलों में अचानक काले बादल छा गए और दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। कई इलाकों में लोगों को वाहन चलाते समय लाइट जलानी पड़ी। इसके बाद तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बिहार में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। लगातार हो रही बारिश और आंधी की घटनाओं के चलते अब तक पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
यूपी में 100KMPH की रफ्तार से चला तूफान
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने कहर बरपाया। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। हमीरपुर में तेज तूफान के कारण निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। वहीं लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से दो लोग घायल हो गए। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
मध्य प्रदेश में हीटवेव के साथ ओलों का खतरा
मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में दिन के समय हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। वहीं शाम के समय तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में अचानक बदलाव और प्री-मानसून गतिविधियों की वजह से ऐसे हालात बन रहे हैं। किसानों और आम लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश का असर
देश के करीब 10 राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) के अनुसार अगले आठ दिनों में केरल, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, यूपी, बिहार, राजस्थान और एमपी में अच्छी बारिश के संकेत हैं।हालांकि मानसून की केरल में एंट्री फिलहाल टल गई है। मौसम विभाग ने पहले 26 मई तक मानसून पहुंचने का अनुमान जताया था, लेकिन अब इसके 3 से 4 जून के बीच आने की संभावना बताई जा रही है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने भी मानसून में कुछ दिनों की देरी का अनुमान लगाया है।