बीरभूम: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दुবराजपुर से कानून व्यवस्था और जनता के भारी आक्रोश की एक बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां आवास योजना (घर देने) के नाम पर गरीब लोगों से हजारों रुपये की 'कटमनी' (कमीशन) वसूलने के आरोपी एक टीएमसी नेता को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उग्र भीड़ ने उस नेता के कपड़े उतरवा दिए और थप्पड़, घूंसे व जूते-चप्पलों से पीटते हुए पूरे इलाके में दौड़ाया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद दुবराजपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 6 के तृणमूल कांग्रेस (TMC) काउंसिलर भास्कर रुज के खिलाफ है। आरोप है कि काउंसिलर लंबे समय से गरीब लोगों को सरकारी आवास योजना के तहत पक्का घर दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे थे।
स्थानीय निवासियों का कहना है:"काउंसिलर और उनके लोगों ने घर देने के नाम पर किसी से 10 हजार, किसी से 15 हजार तो किसी से 30 हजार रुपये तक वसूले। पैसे लेने के बावजूद किसी को भी घर नहीं मिला और गरीब लोग ठगे रह गए।"
सरकार बदलते ही भागे काउंसिलर, हत्थे चढ़ गया 'धनु मास्टर'
स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं का दावा है कि राज्य में राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद से ही आरोपी टीएमसी काउंसिलर भास्कर रुज डर के मारे इलाके से गायब हैं। वे डर के मारे अपने घर से भी बाहर नहीं निकल रहे हैं।
काउंसिलर के न मिलने पर जनता का गुस्सा उनके बेहद करीबी और खास गुर्गे माने जाने वाले टीएमसी नेता **धनंजय गोराई उर्फ धनु मास्टर** पर फूट पड़ा। गुरुवार को जैसे ही धनु मास्टर इलाके में दिखा, ठगे गए लोगों ने उसे घेर लिया। भीड़ ने पहले अपने पैसे वापस मांगे और जब उसने आनाकानी की, तो लोगों ने उसकी शर्ट उतरवा दी। इसके बाद महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने उसे जूते-चप्पलों और लात-घूंसों से पीटते हुए पूरे दुबराजपुर इलाके में दौड़ा-दौड़ा कर मारा।
भाजपा का आरोप- "जनता ने सिखाया सबक"
इस घटना को लेकर स्थानीय भाजपा नेता ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, "इस काउंसिलर और उसके गुर्गों ने चुनाव के बाद लोगों को देख लेने की धमकी दी थी। आज जनता ने उसी का करारा जवाब दिया है। माफी मांगना तो दूर, डर के मारे काउंसिलर खुद कहीं मुंह छिपाकर बैठे हैं और उनका पता तक नहीं चल रहा है।"फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच और स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश कर रही है।