भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। इस सूची में राजस्थान के सतीश पूनिया और मध्यप्रदेश से तरुण चुग जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
इन राज्यों से घोषित किए गए उम्मीदवार
भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश से ताई तगाक को उम्मीदवार बनाया है। गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को टिकट दिया गया है। मध्यप्रदेश से पार्टी ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं मणिपुर से ए. शारदी देवी, राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और सतीश पूनिया तथा ओडिशा से देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार बनाया गया है।
छात्र राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचे सतीश पूनिया
सतीश पूनिया भाजपा के उन नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और संगठन में लगातार जिम्मेदारियां निभाते हुए शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचे। वे राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभा चुके हैं।
वर्तमान में सतीश पूनिया हरियाणा भाजपा के प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जाट समुदाय से आने वाले पूनिया को राजस्थान और हरियाणा की सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों की गहरी समझ रखने वाला नेता माना जाता है। हाल के चुनावों में भी वे पार्टी के प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए हैं।
भाजपा के रणनीतिकार माने जाते हैं तरुण चुग
पंजाब के अमृतसर से आने वाले तरुण चुग लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर कार्यरत हैं और संगठन के प्रमुख रणनीतिकारों में उनकी गिनती होती है।
तरुण चुग को पार्टी का कुशल चुनाव प्रबंधक माना जाता है। वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे महत्वपूर्ण राज्यों के प्रभारी भी रह चुके हैं। चुनावी रणनीति तैयार करने, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।