कोलकाता/वाराणसी: गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई 2026) के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में सात महीने लंबे राष्ट्रव्यापी 'संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान' का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। इस अभियान की शुरुआत वाराणसी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति में संत रविदास जी को नमन करते हुए की गई। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघी पूर्णिमा / गुरु रविदास जयंती) तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में एकता और समरसता का संदेश देना है।
7 महीने के राष्ट्रव्यापी अभियान की मुख्य गतिविधियाँ
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर में कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा, जिसके तहत संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी को 21,000 स्थानों तक पहुँचाया जाएगा। वहीं 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' के माध्यम से बीजेपी नेता संत परंपरा के पूज्य गुरुओं से आशीर्वाद लेंगे। इसके साथ ही 5 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी तक एक महीने की 'समरसता यात्रा' निकाली जाएगी। देश भर के 51,000 से अधिक मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं और लंगर का आयोजन हो रहा है।
देश भर में संत रविदास से जुड़े 5 प्रमुख धामों का होगा विकास
सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए बीजेपी ने स्थानीय सरकारों के साथ मिलकर संत रविदास जी के जीवन से जुड़े 5 प्रमुख मंदिरों और स्थलों को भव्य रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई है। इसके माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल के हर मंडल में दीपोत्सव
पश्चिम बंगाल में भी यह अभियान व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। गुरु पूर्णिमा के दिन राज्य के सभी मंडलों के मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर और भजन-कीर्तन कर संत रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
30 जुलाई को कोलकाता में निकलेगी भव्य 'कलश यात्रा'
पश्चिम बंगाल में अभियान के मुख्य आकर्षण के रूप में 30 जुलाई को राजधानी कोलकाता में एक विशाल *'कलश यात्रा'* का आयोजन किया गया है। सेंट्रल एवेन्यू स्थित मुरलीधर सेन लेन के राज्य बीजेपी कार्यालय से यह यात्रा शुरू होगी और शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों से होकर गुज़रेगी। इस शोभायात्रा में राज्य बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ पदाधिकारी और हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ता सिर पर पवित्र कलश लेकर शामिल होंगे।