बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत देश के कई शीर्ष नेताओं ने भगवान बुद्ध को नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पहले थे और वे मानवता को शांति, करुणा और अहिंसा का मार्ग दिखाते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर वह सभी देशवासियों और विश्वभर में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हैं।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिया शांति का संदेश
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन और उनकी शिक्षाएं करुणा, अहिंसा और ज्ञान के मार्ग को प्रकाशित करती हैं। उन्होंने कहा कि शांति, सद्भाव और नि:स्वार्थ सेवा का संदेश आज भी अत्यंत प्रासंगिक है और यह दिन हमें दयालुता तथा सामूहिक कल्याण के लिए प्रेरित करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा बुद्ध का जीवन और उनके विचार पूरी मानवता को शांति, करुणा और आत्मबोध की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि उनका संदेश ढाई हजार वर्ष बाद भी उतना ही प्रासंगिक है और भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का संदेश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अहिंसा और करुणा की प्रतिमूर्ति भगवान बुद्ध ने विश्व को शांति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका जीवन दर्शन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पावन धरती से भगवान बुद्ध ने पूरे विश्व को सत्य, शांति और मानवता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि हमें उनके विश्व-बंधुत्व और सह-अस्तित्व के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।