नई दिल्ली। ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल सेवाओं में ग्राहकों को गुमराह करने वाले 'डार्क पैटर्न' पर केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने Zepto, BookMyShow, IndiGo, Physics Wallah समेत 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुल 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। आरोप है कि इन कंपनियों ने ऐसे डिज़ाइन और फीचर्स का इस्तेमाल किया, जिनसे ग्राहक अनजाने में अतिरिक्त भुगतान या सेवाएं चुनने के लिए प्रेरित होते थे।
क्या होता है डार्क पैटर्न?
डार्क पैटर्न ऐसे वेबसाइट या ऐप डिज़ाइन होते हैं, जो यूजर्स को भ्रमित कर ऐसे फैसले लेने के लिए प्रेरित करते हैं जो वे सामान्य परिस्थितियों में नहीं लेते। इनमें छिपे हुए शुल्क, पहले से टिक किए गए विकल्प, जबरन सब्सक्रिप्शन और भ्रामक मैसेजिंग जैसी तकनीकें शामिल हैं।
Zepto पर सबसे बड़ा जुर्माना
CCPA के मुताबिक, Zepto पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच में पाया गया कि ऐप पर शुरुआती कीमत दिखाने के बाद चेकआउट के समय हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप फीस जोड़ दी जाती थी। इसे ड्रिप प्राइसिंग और बास्केट स्नीकिंग माना गया। कंपनी ने बाद में इन प्रथाओं को बंद कर दिया।
BookMyShow पर प्री-टिक डोनेशन बना वजह
BookMyShow पर BookASmile के लिए 1 रुपये का दान पहले से चयनित (Pre-checked) होने पर कार्रवाई हुई। CCPA ने इसे बास्केट स्नीकिंग माना और इस प्रथा को हटाने के निर्देश दिए।
IndiGo की 'कन्फर्म शेमिंग' पर आपत्ति
IndiGo ऐप में अतिरिक्त सेवा न लेने पर "No, I will take the risk" जैसा संदेश दिखाया जाता था। CCPA ने इसे Confirm Shaming माना। रेगुलेटर के हस्तक्षेप के बाद कंपनी ने इसे बदलकर न्यूट्रल संदेश कर दिया।
Physics Wallah समेत अन्य कंपनियां भी दायरे में
Physics Wallah पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, क्योंकि उसके प्लेटफॉर्म पर PW Foundation को 10 रुपये का दान पहले से चुना हुआ मिलता था। इसके अलावा FirstCry, PharmEasy, McAfee, SpiceJet और Anuj Jindal प्लेटफॉर्म पर भी 1 से 3 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।
13 तरह के डार्क पैटर्न पर सरकार की नजर
सरकार की डार्क पैटर्न गाइडलाइंस 2023 के तहत ड्रिप प्राइसिंग, बास्केट स्नीकिंग, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, कन्फर्म शेमिंग, फॉल्स अर्जेंसी और ट्रिक क्वेश्चन समेत 13 तरह की भ्रामक डिजिटल प्रथाओं को प्रतिबंधित किया गया है।