नई दिल्ली - लू से निपटने के लिए केंद्र सरकार अलर्ट मोड में नजर आ रही हैं। आज पीएम मोदी ने देश से अपील करते हुए कहा कि खुद को हाइड्रेटेड रखें, जरूरतमंदों को पानी पिलाएं। वहीं अब पीएम के बाद मंत्री भी इस मुहीम में शामिल हो गए हैं। अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश में जारी भीषण गर्मी और लू की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है।
भीषण गर्मी और लू को लेकर केंद्र सरकार सतर्क
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने बयान में कहा है कि देश में जारी भीषण गर्मी और लू की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है। इस मुद्दे पर विभिन्न मंत्रालयों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए कई कदमों पर विचार किया गया है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए कई मंत्रालयों और विभागों द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया गया।
स्वास्थ्य और जल संसाधन पर विशेष फोकस
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि हर मंत्रालय अपने-अपने क्षेत्र में क्या विशेष कदम उठा सकता है। खासतौर पर स्वास्थ्य मंत्रालय, जल संसाधन और अन्य संबंधित विभागों की भूमिका पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि लू के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पीने के पानी की उपलब्धता बढ़ाने, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और राहत उपायों को तेज करने पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
‘पूरे राष्ट्र की भावना’ के साथ मुकाबले का संदेश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि इस तरह की बड़ी चुनौतियों का सामना “पूरे राष्ट्र की भावना” के साथ किया जाना चाहिए। सरकार चाहती है कि केंद्र, राज्य, विभाग और नागरिक मिलकर लू जैसी आपदा से निपटने के लिए समन्वित तरीके से काम करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को अधिकतम राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।