चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में 10 लोगों की मौत होने की प्रारंभिक सूचना है, जबकि करीब 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने करीब तीन किलोमीटर का सफर ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक का बस पर से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बस को सीधा करने की कोशिश की जा रही है। आशंका है कि कुछ यात्री अभी भी बस के मलबे में फंसे हो सकते हैं।
पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य जारी है तथा दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जाएगी।