चंडीगढ़: शहर के चार स्कूलों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। संबंधित स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बम डिटेक्शन टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की तलाशी ली जा रही है।
चार स्कूलों को मिली धमकी
जिन स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना सामने आई है, उनमें कॉर्मेल कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-9बी, सेंट जॉन्स हाई स्कूल सेक्टर-26, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-26 और सेंट स्टीफंस स्कूल सेक्टर-45बी शामिल हैं। एक ही समय में अलग-अलग सेक्टरों में स्थित स्कूलों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच जारी
कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित टीमों को तुरंत स्कूलों की ओर रवाना किया। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन है।फिलहाल किसी स्कूल परिसर में वास्तविक विस्फोटक या कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और बम निरोधक टीम पूरी तरह जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करेगी।
डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन टीम ने संभाली जांच
धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम डिटेक्शन टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। स्कूल परिसरों के अलावा आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है। साथ ही धमकी से जुड़े तकनीकी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले CISF कंट्रोल रूम को भी मिली थी धमकी
चंडीगढ़ में इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय स्थित CISF कंट्रोल रूम को ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। उस समय भी ऑपरेशन सेल, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।