नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) देशभर में युवाओं और आम लोगों से सीधा संवाद करने की तैयारी में है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि सितंबर से 'क्या बोलती पब्लिक' नाम से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के जरिए विभिन्न राज्यों में जाकर लोगों की राय, समस्याओं और देश के मौजूदा मुद्दों पर उनके विचार जानने का प्रयास किया जाएगा। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP की कोर टीम की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने कहा कि यह अभियान खासतौर पर युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों से सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा।
जनता के मुद्दों को समझने की होगी कोशिश
अभिजीत दिपके ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह जानना है कि देश के लोग वर्तमान परिस्थितियों को किस नजरिए से देख रहे हैं और उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का दावा है कि अभियान के दौरान रोजगार, शिक्षा, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों की राय जुटाई जाएगी।
छात्र आंदोलन को बताया बड़ा बदलाव
दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लोगों के भीतर जो डर का माहौल बना था, वह अब खत्म हो रहा है। उनके मुताबिक अब लोग अपने मुद्दों को लेकर खुलकर आवाज उठा रहे हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं।
रोजगार और शिक्षा रहेंगे मुख्य मुद्दे
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में केवल छात्र ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा भी शामिल हुए थे। इसलिए आगामी अभियान में रोजगार, शिक्षा सुधार, महंगी शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।दिपके ने कहा कि पार्टी डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विकसित भारत के विजन को आधार बनाकर काम करने का दावा करती है। उनका कहना है कि शिक्षा सभी के लिए सुलभ और किफायती होनी चाहिए तथा इसे केवल मुनाफे का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
CJP का कहना है कि देश की करीब 60 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में पार्टी का नया अभियान युवाओं की आकांक्षाओं, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों को समझने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में केंद्रित रहेगा।