नई दिल्ली- कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने छात्र आंदोलन से जुड़े सभी प्रदर्शनकारियों के लिए बड़ी राहत का दावा किया है। संगठन के प्रवक्ताओं ने देर रात जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि आंदोलन में शामिल सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस ली जाएंगी और भविष्य में भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। सोमवार देर रात करीब 1 बजे जारी वीडियो में CJP प्रवक्ता सौरव दास और रत्ना ने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि, जिनमें दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे, उनसे मिलने पहुंचे थे। बैठक के दौरान संगठन ने अपनी आशंका जताई कि कहीं सरकार आंदोलन समाप्त कराने के दौरान किए गए वादों से पीछे न हट जाए।
सरकार ने दिखाई बिहार गृह विभाग की प्रेस रिलीज
सौरव दास ने बताया कि अधिकारियों ने बिहार सरकार के गृह विभाग की प्रेस रिलीज दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाएंगी। साथ ही भविष्य में भी किसी प्रदर्शनकारी पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को इस बात की चिंता थी कि अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शनकारियों को परेशान किया जा सकता है। इस पर सरकार ने भरोसा दिया कि सभी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और इसके लिए आवश्यक अधिसूचना भी जारी की जाएगी।
शाम को दी थी आंदोलन दोबारा शुरू करने की चेतावनी
इससे पहले सोमवार शाम CJP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चेतावनी दी थी कि यदि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा था कि सरकार समझौते की शर्तों का पालन नहीं कर रही है और यदि लिखित आश्वासन नहीं मिला तो छात्र फिर से सड़कों पर उतरेंगे। CJP का कहना था कि उसने देशव्यापी आंदोलन केवल इस भरोसे पर समाप्त किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
बिहार सरकार ने भी किया बड़ा ऐलान
बिहार सरकार ने भी सोमवार को घोषणा की कि 26 जुलाई शाम 6 बजे तक राज्य में हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। सरकार ने संबंधित सभी एफआईआर, आपराधिक शिकायतों और कारण बताओ नोटिस वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया था, उन्हें रिहा किया जाएगा और भविष्य में भी उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
देशभर में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर कई दिनों तक छात्र आंदोलन चला था। बाद में केंद्र सरकार के साथ बातचीत के बाद CJP ने आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया था। हालांकि, एफआईआर वापस लेने और प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद संगठन ने फिर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी थी। अब देर रात जारी वीडियो में CJP ने दावा किया है कि सरकार ने उनकी सभी प्रमुख चिंताओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।